IPL 2022 : भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज उमेश यादव (Umesh Yadav) IPL 2022 सीजन में एक नई ताकत के रूप में उभरे हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हुए उमेश लगातार पावरप्ले में विकेट चटका रहे हैं, जिसका असर KKR के बेहतरीन प्रदर्शन पर भी दिख रहा है। दूसरी ओर रोहित शर्मा (Rohit Sharma) हैं, जिनका बल्ला इस सीजन में अपना दम नहीं दिखा सका है और ऐसे में उनकी टीम मुंबई इंडियंस भी बेदम नजर आ रही है।

ऐसे में जब ये दोनों खिलाड़ी आपस में टकराए, तो मौजूदा फॉर्म का असर मैदान पर दिखा। बुधवार 6 अप्रैल को कोलकाता और मुंबई (KKR vs MI) की इस सीजन में पहली टक्कर हुई और इन दोनों दिग्गजों के बीच बाजी मारी उमेश यादव ने। पिछला पूरा सीजन दिल्ली कैपिटल्स में रहकर बेंच पर बिताने वाले उमेश यादव मानो उस अपमान का हिसाब इस सीजन में बराबर कर रहे हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स में वापसी करने के साथ ही उमेश यादव अपनी पुरानी अंदाज में लौट आए, जो उन्होंने कुछ साल पहले केकेआर के साथ ही दिखाया था। इस सीजन में उमेश लगातार पावरप्ले में विकेट ले रहे हैं और मुंबई इंडियंस के खिलाफ भी उन्होंने ये सिलसिला जारी रखा और इस बार उनका शिकार बने टीम इंडिया में उनके कप्तान रोहित शर्मा।
बल्ले से लगातार संघर्ष कर रहे रोहित शर्मा टीम के प्रदर्शन को लेकर भी दबाव में नजर आ रहे हैं। ऐसे में जब उनका सामना फॉर्म में चल रहे उमेश यादव (Rohit Sharma vs Umesh Yadav) से हुआ, तो नतीजा वही निकला, जिसकी आशंका जताई जा रही थी। पहले गेंदबाजी करने उतरी केकेआर के लिए शुरुआत उमेश ने की। पहले ओवर में ही उन्होंने रोहित को कई बार परेशान किया। फिर उमेश जब अपने दूसरे ओवर में लौटे, तो रोहित की पारी का अंत करके ही दम लिया।