Saudi Princess Die: सऊदी अरब ने राजकुमार अलवालीद बिन तलाल की मां, राजकुमारी मोना अल-सोलह, के 87 साल की उम्र में निधन की सूचना दी है। सऊदी शाही परिवार ने कहा, “राजकुमार अलवालीद बिन तलाल की मां का निधन हो गया है। रविवार, 5 जनवरी को रियाद की इमाम तुर्की बिन अब्दुल्ला मस्जिद में दोपहर की नमाज के बाद उनकी अंतिम प्रार्थना होगी।” उन्होंने आगे कहा, “ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें, उन्हें माफ करें और स्वर्ग में जगह दें। हम ईश्वर के हैं और उन्हीं की ओर लौटते हैं।”
राजकुमारी मोना अल-सोलह का परिचय
राजकुमारी मोना लेबनान के दिवंगत प्रधानमंत्री रियाद अल सोलह की बेटी थीं। रियाद अल सोलह लेबनान के इतिहास में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक हस्ती माने जाते हैं। राजकुमारी मोना, सऊदी प्रिंस तलाल बिन अब्दुलअजीज की पूर्व पत्नी थीं। उनके तीन बच्चे हैं: प्रिंस अलवालीद, प्रिंस खालिद और प्रिंसेस रीमा।
अलवालीद बिन तलाल कौन हैं?
राजकुमार अलवालीद बिन तलाल का जन्म 7 मार्च 1955 को सऊदी अरब में हुआ था। वह सऊदी अरब के पहले राजा किंग इब्न सऊद के पोते और पूर्व राजा अब्दुल्ला सऊद के भतीजे हैं। 1975 में वे अमेरिका पढ़ाई करने गए। 1979 में उन्होंने कैलिफोर्निया के मेनलो कॉलेज से स्नातक की डिग्री और 1985 में सिरैक्यूज़ यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री पूरी की।
स्नातक के बाद, अलवालीद बिन तलाल ने सऊदी अरब लौटकर अपना व्यवसाय शुरू किया। उन्होंने किंगडम होल्डिंग कंपनी (KHC) नाम की कंपनी बनाई। यह कंपनी होटल, रियल एस्टेट और दुनिया भर की बड़ी कंपनियों में निवेश करती है।
अलवालीद बिन तलाल को दुनिया के सबसे अमीर निवेशकों में गिना जाता है। 2022 में उनकी संपत्ति 16 बिलियन डॉलर थी। उन्हें “सऊदी अरब के वॉरेन बफेट” भी कहा जाता है। टाइम पत्रिका ने उन्हें दुनिया के सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में शामिल किया है।