Saudi Arab: सऊदी अरब के मक्का क्षेत्र में पुलिस ने नकली सोने की छड़ें बेचने और लोगों को धोखा देने के मामले में 10 पाकिस्तानी प्रवासियों को गिरफ्तार किया है। ये घटना रविवार, 12 जनवरी की है। गिरफ्तार किए गए लोग असली सोने की छड़ें दिखाकर लोगों का विश्वास जीतते थे। जब भरोसा बन जाता, तो वे असली सोने की जगह नकली सोना देकर पैसा वसूल लेते और गायब हो जाते।
कितना बड़ा था धोखा?
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह 31 अलग-अलग धोखाधड़ी के मामलों में शामिल था और उन्होंने करीब 2.8 मिलियन सऊदी रियाल (6.42 करोड़ रुपये) की ठगी की है। पुलिस ने गहन जांच के बाद इन आरोपियों को ट्रैक कर मक्का में गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद इन्हें लोक अभियोजक के कार्यालय में भेजा गया है, जहाँ इन पर आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
सऊदी सरकार का सख्त रुख
सऊदी सरकार लगातार वित्तीय अपराधों को रोकने और लोगों को ऐसे धोखेबाजों से बचाने के लिए काम कर रही है। इस मामले से यह साबित होता है कि सऊदी की कानून व्यवस्था कितनी तेज़ और प्रभावी है। इस घटना से यह सबक मिलता है कि किसी से भी डील करते वक्त सतर्क रहना ज़रूरी है।