भारतीयों के लिए बड़ी खबर, सऊदी अरब में 9 जुलाई तक इन चार हवाई अड्डों से नहीं कर सकेंगे प्रवेश

रियाद: सऊदी अरब ने सभी प्रकार के विजिट वीजा धारकों को 9 जून से चार हवाई अड्डों के जरिए देश में प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगाया है। इन चार हवाई अड्डों में जेद्दा, मदीना, यानबू और ताइफ हवाई अड्डे हैं। हज यात्रा के कारण यह प्रतिबंध लगाया गया है। हालांकि सऊदी अरब में रियाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के जरिए प्रवेश किया जा सकता है।

सऊदी अरब एयरलाइंस द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि यह प्रतिबंध 9 जुलाई 2022 तक जारी रहेगा। सऊदी अरब की ओर से कहा गया, ‘सभी प्रकार के विजिट वीजा धारकों को चार हवाई अड्डों के जरिए देश में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। ये हवाई अड्डे हज परमिट धारकों के लिए रिजर्व हैं।’ विजिट वीजा धारकों के पास राउंड ट्रिप का टिकट होना चाहिए। इसके साथ ही आगमन और वापसी रियाद हवाई अड्डे के जरिए ही होगी।

16 देशों की यात्रा पर प्रतिबंध

इससे पहले 23 मई को सऊदी अरब ने अपने नागरिकों को 16 देशों की यात्रा करने से रोक दिया था। ये फैसला कोरोना के मामलों के कारण लिया गया था। इन देशों में लेबनान, सीरिया, तुर्की, ईरान, अफगानिस्तान, भारत, यमन, सोमालिया, इथोपिया, कांगो, लीबिया, इंडोनीशिया, वियतनाम, अर्मेनिया, रूस और वेनेजुएला शामिल हैं।

श्रीलंका नहीं भेजेगा हज यात्री

हज यात्रा में पूरी दुनिया से हज यात्री शामिल होंगे, लेकिन श्री लंका ने फैसला किया है कि वह अपने देश से इस साल हज यात्री नहीं भेजेगा। इसका प्रमुख कारण श्रीलंका के सामने खड़ा आर्थिक संकट है। श्रीलंका 1948 के बाद से सबसे बुरे आर्थिक संकट से गुजर रहा है। घटते विदेशी मुद्रा के कारण यहां डीजल-पेट्रोल और खानी की कमी हो गई है। इस वजह से सऊदी में बिजली संकट भी देखने को मिल रहा है। आर्थिक संकट ने श्रीलंका में एक बड़ा राजनीतिक संकट भी खड़ा कर दिया है।

Leave a Comment