फल्गु में निर्माणाधीन रबर डैम में गुरुवार की शाम तीन लोग डूब गए। साथ रहे लोगों ने किसी तरह दो को डूबने से बचा लिया। लेकिन, मो. राजा डूब गया। जिसकी तलाश रात साढ़े नौ बजे तक होती रही। लेकिन उसका पता नहीं चल सका। राजा मानपुर के भुसुंडा मोहल्ले का निवासी है। पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब 30 की संख्या में लोग रबर डैम में नहाने का पहुंचे। जिसमें डूबने वाले सभी युवकों की उम्र 18 से 20 के बीच बताया जा रहा है। यहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें ऐसा करने से रोका। लेकिन नहाने आए लोगों ने इसपर ध्यान नहीं दिया।
बताया जाता है कि गुरुवार शाम करीब चार बजे भुसुंडा के रहने वाले मो. राजा अपने दोस्त मो. मुन्ना व अन्य के साथ फल्गु नदी के रबर डैम में नहाने आए थे। तीनों की उम्र 18 से 20 वर्ष के है। नहाने के दौरान तीनों डूबने लगे, जिसमें दो को स्थानीय लोगों ने बचा लिया लेकिन मो. राजा का कोई पता नहीं चल सका।
रात नौ बजे तक चलती रही खोजबीन
मो. राजा को खोजने में रात नौ बजे तक एसडीआरफ की टीम लगी रही। कई गोताखोरों ने नदी में डूबकी लगायी। लेकिन, युवक का पता नहीं चल सका। बताया जाता है कि मौजूद लोग एसडीआरफ को ठीक से पता भी नहीं पा रहे हैं कि राजा किस जगह डूबा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जिस स्थान पर लोग डूबे हैं वहां पानी की गहरायी 20 से 30 फीट होगी। फल्गु नदी में सालों भर पानी रहे इस कारण यहां रबर डैम बनाया गया है। पिछले कुछ समय से काफी तेजी से इसका निर्माण कराया जा रहा है। इस पितृपक्ष लोगों को तर्पण करने के लिए विष्णुपद मंदिर के सामने नदी में पानी मिलेगा। लोगों के डूबने की खबर जंगल में आग की तरफ फैली। लोग रबर डैम के पास पहुंचने लगे। शाम सात बजे यहां हजारों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान एसडीआरफ खोजबीन करती रही।
एसडीआरएफ टीम लापता युवक के ढूढने के लिए काफी प्रयास किया गया। लेकिन लापता का कोई सुराग नहीं मिला है। रात होने के कारण टीम सफल नहीं हो पाई। शुक्रवार को फिर से प्रयास किया जाएगा।